DEOGHAR : फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश करने का झांसा देकर 44 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी युवक को देवघर से गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार युवक की पहचान देवघर निवासी मुकेश अखौरी के 19 वर्षीय पुत्र यशवर्धन कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है. मौके से एक मोबाइल, दो सिम कार्ड, बैंक खाता और केस से जुड़े व्हाट्सएप चैट बरामद किये गये हैं.

फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए लोगों को लगाया चूना
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार युवक ने व्हाट्सएप के जरिए लोगों को CANTILLON नामक एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप में निवेश करने का झांसा दिया. इस ऐप पर नकली मुनाफा दिखाकर लोगों को यह विश्वास दिलाया गया कि उन्हें निवेश पर असली रिटर्न मिलेगा. और इस तरह युवक ने लोगों को अपने जाल में फंसा कर कुल 44 लाख रुपये ठग लिए. यह रकम अलग-अलग व्यक्तियों के नाम से खोले गए बैंक खातों में ट्रांसफर की गयी है.
साइबर हेल्पलाइन नंबर पर करें कॉल
व्हाट्सएप, टेलीग्राम या गूगल के माध्यम से भेजे जाने वाले निवेश से संबंधित विज्ञापन के लिंक पर क्लिक न करें, न ही लिंक के माध्यम से किसी वेब पोर्टल पर Register करें. अगर आप किसी फ्रॉड के शिकार हो गए है तो इसकी शिकायत तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं.
