डुमरी : झारखंड के डुमरी विधायक जयराम महतो एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। रविवार को पुष्पा कुमारी को न्याय दिलाने के लिए निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान उनका गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब एक महिला ने उनके सामने आरोपों का मुद्दा उठाया। जानकारी के अनुसार, पुष्पा कुमारी की मां रेखा देवी ने विधायक की पार्टी जेएलकेएम की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा कुमारी पर 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने स्वयं सहायता समूह से कर्ज लेकर यह राशि बेटी की खोजबीन में मदद के नाम पर दी थी।


कैंडल मार्च के दौरान जब एक महिला ने यह मुद्दा विधायक के सामने रखा, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान विधायक जयराम महतो की नजर एक युवक पर पड़ी, जो पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। आरोप है कि गुस्से में आकर विधायक ने युवक का मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ लोगों ने इस व्यवहार पर नाराजगी भी जताई। स्थिति बिगड़ती देख विधायक मौके से अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विधायक के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
