अयोध्या : उत्तर प्रदेश की तीर्थ राम नगरी अयोध्या में शनिवार को देव ठान एकादशी के मौके पर पंचकोसी परिक्रमा सुबह चार बजकर दो मिनट पर शुरू हो गयी. यह यात्रा रात दो बजकर 57 मिनट तक चलेगी. परिक्रमा 15 किलोमीटर लंबी है. इस यात्रा में देशभर से श्रद्धालु पहुंचे हैं और जय श्री राम के नारों के साथ पोरी अयोध्या गुंजायमान हो चुकी है. माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है. उधर स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं. जगह-जगह भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और राम नाम संकीर्तन का आयोजन भी किया गया है.
पंचकोसी परिक्रमा का धार्मिक महत्व
बता दें कि अयोध्या पंचकोसी परिक्रमा कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी तिथि पर शुरू होती है, जो हिंदू धर्म में बेहद पवित्र मानी जाती है. इस बार शनिवार 1 नवंबर को तड़के 4 बजे से प्रारंभ हुई यह परिक्रमा 2 नवंबर रात 2:57 बजे तक चलेगी. परिक्रमा मार्ग में प्रमुख मंदिरों जैसे कनक भवन, हनुमान गढ़ी और राम जन्मभूमि मंदिर का दर्शन शामिल हैं.
