मुंबई : टीवी स्क्रीन पर ‘महाभारत’ के कर्ण के रूप में याद किए जाने वाले पंकज धीर अब इस दुनिया में नहीं रहे। पंकज 68 साल की उम्र में कैंसर जैसी बीमारी से लड़ते हुए जीवन की जंग हार गये। उनकी मौत की खबर ने पूरी इंडस्ट्री और दर्शकों को सदमे में डाल दिया है।

अंतिम संस्कार मुंबई में विले पार्ले में हुआ
पंकज धीर के निधन की पुष्टि उनके करीबी मित्र अमित बहल ने की। CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए आधिकारिक बयान जारी किया। पंकज धीर CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रह चुके थे। उनका अंतिम संस्कार 15 अक्टूबर को मुंबई के विले पार्ले में शाम 4:30 बजे किया गया।
महाभारत से मिली थी लोकप्रियता
पंकज धीर ने अपने करियर की शुरुआत 1970 के दशक में की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान 1988 में बीआर चोपड़ा की महाभारत से मिली। इस शो में उन्होंने कर्ण का किरदार निभाया था, जिसे आज भी भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे प्रभावशाली पात्रों में गिना जाता है। उनकी संजीदगी और अभिनय कौशल ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया।
टीवी और फिल्मों में रहा सक्रिय योगदान
महाभारत के बाद पंकज धीर ने कई माइथोलॉजिकल और ऐतिहासिक शोज में काम किया, जिनमें चंद्रकांता, द ग्रेट मराठा और युग जैसे धारावाहिक शामिल हैं। उन्होंने सोल्जर, बादशाह, सड़क जैसी हिंदी फिल्मों में भी उल्लेखनीय भूमिकाएं निभाईं। उनका अभिनय बहुआयामी था और उन्होंने हर शैली में अपनी छाप छोड़ी।
