सिमडेगा :सिमडेगा जिले में अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता रंग ला रही है। शनिवार को खम्मनटांड़ इंटर स्टेट चेकपोस्ट पर एक यात्री बस से गांजा की तस्करी करते हुए तीन तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। सिमडेगा पुलिस ने ओडिशा से झारखंड आ रही एक बस से 4.084 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान कैलाश चंद्र सुरेश, पवनदीप सिंह और अशोक कुमार महंत के रूप में हुई है, जो सभी ओडिशा के निवासी हैं।सिमडेगा पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि एनएच-143 पर खम्मनटांड़ चेकपोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच के दौरान ओएसआरटीसी की एक यात्री बस (संख्या OD02CW3831) को रोका गया। बस में सीट संख्या 37, 38 और 39 पर बैठे तीन संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से कुल 4.084 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा को ओडिशा से लाकर झारखंड होते हुए अन्य राज्यों में तस्करी करने की योजना में थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

एसपी अर्शी ने बताया कि खम्मनटांड़ चेकपोस्ट पर अब तक 150 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है, जबकि जिले भर में पिछले एक साल के भीतर 250 किलो से अधिक गांजा की जब्ती और कई तस्करों की गिरफ्तारी की गई है।उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सिमडेगा पुलिस किसी भी तस्करी को सफल नहीं होने देगी।मौके पर एसडीपीओ बैजू उरांव,थाना प्रभारी मिर्जा उरांव यउपस्थित थे।
