पंजाब : होशियारपुर में शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे LPG से भरे टैंकर में ब्लास्ट हो गया. हादसा मंडियाला गांव के नजदीक हुआ. एक मिनी ट्रक के टक्कर मारने के बाद LPG से भरा टैंकर पलट गया और उसमें आग भड़क उठी. गैस के रिसाव की वजह से आग ने देखते ही देखते आसपास के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. इसमें 15 दुकानें और 4 घर जल गए. इस हादसे में जिंदा जल जाने से 2 लोगों की मौत गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग झुलस गए. घायलों को होशियारपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से कुछ लोग 30 से 80% तक झुलस चुके हैं.

आग बुझाने के लिए होशियारपुर, दसूहा और तलवाड़ा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं. एहतियात के तौर पर होशियारपुर-जालंधर नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया. हाईवे पर तकरीबन एक किलोमीटर का एरिया खाली कराते हुए लोगों को वहां से हटा दिया गया. होशियापुर की DC आशिका जैन ने बताया कि रात डेढ़ बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया. स्थिति पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही हादसे के कारणों और नुकसान का आकलन किया जाएगा. होशियारपुर के सिविल सर्जन पवन कुमार के मुताबिक, 2 लोगों को देर रात मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया. 20-22 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. गंभीर रूप से झुलसे कई मरीजों को होशियारपुर से रेफर किया गया है. फिलहाल मरने वालों की शिनाख्त नहीं हो पाई है.
