अफवाहों पर सनी देओल का करारा जवाब
मुंबई : सनी देओल स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर बीते कुछ दिनों से लगातार अफवाहें फैल रही थीं कि फिल्म की रिलीज में देरी हो सकती है या कई जगहों पर शो रद्द किए जा रहे हैं। इन चर्चाओं के बीच आखिरकार सनी देओल ने खुद सामने आकर इन अफवाहों पर विराम लगा दिया।
रिलीज के दिन सुबह सनी देओल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खास वीडियो शेयर किया, जिसमें फिल्म की शूटिंग के दौरान के हल्के-फुल्के और यादगार पल नजर आए। वीडियो में टीम के साथ मस्ती, खाने के ब्रेक, सेट पर बिताए गए पल और कलाकारों की आपसी बॉन्डिंग दिखाई गई।
‘आज बॉर्डर 2 का दिन है’—सनी देओल
वीडियो शेयर करते हुए सनी देओल ने लिखा “आज बॉर्डर 2 का दिन है। बिना किसी चिंता के फिल्म का आनंद लें।” इस संदेश के बाद फैंस में उत्साह और विश्वास दोनों बढ़ गया। सनी देओल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लाखों लोगों ने इसे देखा और साझा किया।
अहान शेट्टी का भावुक संदेश
फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे अभिनेता अहान शेट्टी ने भी रिलीज से पहले एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया। उन्होंने सनी देओल को पिता समान बताया और वरुण धवन को बड़े भाई जैसा बताया। अहान शेट्टी ने लिखा कि कुछ फिल्मी सफर ऐसे होते हैं, जो शूटिंग खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक यादों में बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि सेट पर मिला सम्मान, अपनापन और कला के प्रति जुनून ने इस फिल्म को उनके लिए खास बना दिया।
रिलीज के साथ दर्शकों में जोश
‘बॉर्डर 2’ की रिलीज के साथ ही सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ देखने को मिल रही है। सनी देओल और टीम के संदेश के बाद यह साफ हो गया कि फिल्म तय समय पर रिलीज हुई है और अफवाहों का कोई आधार नहीं था। अब फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर सबकी नजरें टिकी हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म देशभक्ति और स्टार पावर के कारण शानदार ओपनिंग कर सकती है।
