जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भाजपा संगठन द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद को पूरी तरह राजनीतिक लाभ लेने तथा भाजपा नेता नीरज सिंह को बचाने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि यह बंद जनहित के लिए नहीं, बल्कि पूरे मामले की दिशा बदलने और वास्तविक दोषियों से लोगों का ध्यान भटकाने की एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति है।

परविंदर सिंह ने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार ने डबल डाउन बार के समीप हुई जघन्य आपराधिक घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है। राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक का तबादला किया गया है तथा नए वरीय पुलिस अधीक्षक ने पदभार ग्रहण कर लिया है। अब आवश्यकता है कि जमशेदपुर की शांतिप्रिय जनता नए पुलिस नेतृत्व को सहयोग दे, ताकि अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके और शहर को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से भाईचारे, सौहार्द और शांति का शहर रहा है। हाल के दिनों में जिस प्रकार की आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, उनकी कांग्रेस पार्टी घोर निंदा करती है। समाज के सभी वर्गों को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए ताकि अपराधियों पर शीघ्र और सख्त कार्रवाई हो सके। परविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा कुछ विशेष व्यक्तियों को बचाने के उद्देश्य से तरह-तरह के राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा यह भी सामने आना चाहिए कि किन लोगों ने अपराधियों को संरक्षण देने या जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हिमांशु सिंह के हत्यारों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि इस पूरे मामले में केवल प्रत्यक्ष हत्यारों पर ही नहीं, बल्कि डबल डाउन बार के संचालकों की भूमिका की भी गहन जांच हो। यदि जांच में उनकी लापरवाही, नियमों के उल्लंघन अथवा किसी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसे प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है, क्योंकि उनकी लापरवाही के कारण शहर की कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगते हैं। अंत में परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्पष्ट रूप से मानती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। चाहे अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार कठोर दंड मिलना चाहिए। हिमांशु सिंह और इस घटना से जुड़े सभी पीड़ितों को न्याय दिलाना राज्य सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।

