जमशेदपुर : आजादनगर थाना पुलिस ने घर से एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार एवं अन्य सामान चोरी करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए 19 वर्षीय युवक को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार, कपाली लिंक रोड स्थित मंजर काज़मी चौक के समीप रहने वाले नौशाद आलम ने अपने घर से एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार, एक्सटेंशन कॉर्ड समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर आजादनगर थाना कांड संख्या 57/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कपाली लिंक रोड के खुशबू नगर निवासी 19 वर्षीय आमीर को चोरी गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में इस चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने यह भी कबूल किया कि वह पूर्व में भी मोहल्ले के विभिन्न घरों से बर्तन, रसोई का सामान, राशन एवं अन्य घरेलू वस्तुओं की चोरी करता रहा है. पुलिस ने आरोपी के पास से एसी का कॉपर ट्यूब, कटा हुआ नया कॉपर ट्यूब, बिजली का एक्सटेंशन कॉर्ड तथा होल्डर लगा बिजली का तार बरामद किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी साकची थाना में धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. छापेमारी दल में सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, पु.अ.नि. लिलन लकड़ा, दीपक ठाकुर, दीपक कुमार रोशन, स.अ.नि. राकेश रंजन एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

