जमशेदपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान 59 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार की रात रात 2 बजे से सुबह 4 बजे तक प्लान-बी के तहत लिट्टी चौक में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अभियान में गश्ती पार्टी, पीसीआर और टैंगो दल के जवान एवं पदाधिकारी संयुक्त रूप से तैनात थे।

इसी दौरान रात करीब 2:25 बजे एग्रिको गोलचक्कर की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को चेकिंग करते देख मोटरसाइकिल सवारों ने चेकिंग स्थल से पहले ही बाइक रोक दी और अचानक उसे घुमाकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा शुरू किया। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो भी उसी दिशा में भागती हुई दिखाई दी, जिस दिशा में मोटरसाइकिल सवार भाग रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने के लिए रास्ते की दोनों ओर से घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बोलेरो में सवार लोगों ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने सभी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बोलेरो में गांजा रखा हुआ था। उनके अनुसार, वे गांजा ओडिशा से लाकर जमशेदपुर में खुदरा कारोबारियों को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना दी और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने विधिवत तलाशी एवं कार्रवाई करते हुए बोलेरो से कुल 59 किलोग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार राव उर्फ अप्पा (38), पिता जलंधर राव, गांधी नगर, बागबेड़ा; मोतीलाल तांती उर्फ सूरज (23), पिता स्वर्गीय बोनमाली तांती, बागबेड़ा सीपी टोला; गणेश निषाद (26), पिता रतन निषाद, बागबेड़ा कॉलोनी नंबर-1 रोड; और संतोष कुमार (33), पिता राजाराम, दुईलाडुंगरी लाइन नंबर-3, काली मंदिर के पास, गोलमुरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में बीएनएस एवं एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, ओडिशा में इसके स्रोत और जमशेदपुर में इसके खरीदारों की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।



























































