जमशेदपुर : तारा ट्रस्ट एवं सेंटर फॉर साइट के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सोनारी स्थित गुरजात संघ भवन में एक दिवसीय नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया. शिविर का उद्घाटन भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं कोल्हान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष नीतिश कुशवाहा, पूर्वी सिंहभूम जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन राणा विनोद सिंह, सचिव जगदीश कुमार, चंद्रशेखर, सेंटर फॉर साइट की मानसी कुमारी, भाजपा जमशेदपुर महानगर के प्रभारी सुजीत वर्मा तथा मां दुर्गा महिला विकास समिति की अध्यक्ष एवं ट्रस्ट की सदस्य ममता साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में सेंटर फॉर साइट के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से मोतियाबिंद, दृष्टि दोष सहित विभिन्न नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच की। जांच के बाद मरीजों को आंखों की देखभाल के संबंध में आवश्यक सलाह दी गई। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं. मुख्य अतिथि नीतिश कुशवाहा ने तारा ट्रस्ट और सेंटर फॉर साइट के इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से समाज के जरूरतमंद लोगों को सीधे लाभ मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे सुजीत वर्मा ने शिविर को सफल बनाने के लिए सेंटर फॉर साइट की चिकित्सकीय टीम, तारा ट्रस्ट के सदस्यों और शहरवासियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखा जाएगा. कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट के सदस्य सह भाजपा नेता सुजीत वर्मा ने सेंटर फॉर साइट की चिकित्सकीय टीम के सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. शिविर में करण कुमार, अमन तिवारी, दुलराज, सारिका यादव, भूमिका, भारती, नीरज कुमार, पवन सिंह, विकास यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
