सिमडेगा। शादी का झांसा देकर युवती के साथ कथित तौर पर जबरन यौन संबंध बनाने, गर्भपात कराने और मारपीट करने के मामले में सिमडेगा पुलिस ने प्राथमिकी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 10 अगस्त 2026 को सिमडेगा महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में घोंचोटोली, दीपनगर निवासी आदर्श डुंगडुंग पर शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने, गर्भपात कराने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया था।

शिकायत के आधार पर महिला थाना कांड संख्या 28/2026, दिनांक 10 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की धारा 69, 89 और 115(2) में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान एवं सत्यापन के दौरान गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आदर्श डुंगडुंग को 26 अगस्त को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार कर लिया। सिमडेगा पुलिस ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर और संवेदनशील है। ऐसे मामलों में त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।
