जमशेदपुर : देश की आज़ादी की लड़ाई को नई दिशा देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर नेताजी विचार मंच द्वारा एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कदमा उलियान मेन रोड स्थित नेताजी सुभाष पार्क के समीप आयोजित हुआ।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आज़ादी में नेताजी की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवाओं को नेताजी के दिखाए मार्ग पर चलकर देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नेताजी में जहां महात्मा गांधी के प्रति गहरा सम्मान था, वहीं देश को आज़ाद कराने का अदम्य साहस और जुनून भी था। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेताजी की जयंती हर वर्ष भव्य रूप से मनाई जाती है, इसके लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं से नेताजी के आदर्शों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन नेताजी विचार मंच के सचिव मनोज झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पकरासी दा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नेताजी विचार मंच के अध्यक्ष भोलानाथ नाथ गोस्वामी, एस.एम. भट्टाचार्जी, अचिंता रॉय, बलराम घोषाल, बी.बी. धार, प्रभात ठाकुर, राजू दास, बलजीत सिंह, माजिद अख्तर, कैलाश रजक, अमित प्रसाद, सोंटी रजक, राजकुमार दास, बापी साहू, राकेश अग्रवाल, राजा मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
