जमशेदपुर : अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की द्वितीय वर्षगाँठ के पावन अवसर पर श्री श्याम रोडलाइन ट्रांसपोर्ट द्वारा डिमना स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में भव्य भक्तिमय संगीत कार्यक्रम एवं विशाल भोग वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चला, जिसमें हजारों रामभक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस आयोजन के आयोजक श्री श्याम रोडलाइन ट्रांसपोर्ट के संचालक श्री सिंटू सिंह एवं अधिवक्ता रवि सिंह रहे। कार्यक्रम के दौरान लगभग 1100 किलो दूध एवं 100 किलो चावल से निर्मित खीर को भोग के रूप में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ…..
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सभी सम्मानित अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत-सम्मान किया गया।
अतिथियों ने श्रीराम मंदिर निर्माण को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि……
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि लगभग 500 वर्षों के संघर्ष और प्रतीक्षा के बाद देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस प्रमुख श्री मोहन भागवत एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के अथक प्रयासों से अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण संभव हो पाया। यह हर सनातनी हिंदू के लिए गौरव का विषय है। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के सेवा एवं धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और सनातन धर्म के प्रति युवाओं को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
भक्तिमय भजनों पर झूमे रामभक्त…..
कार्यक्रम में शहर के प्रसिद्ध गायक सोनू दुलरुवा एवं उनकी टीम—गायक देवेंद्र पाण्डेय एवं गायिका ज्योति रानी—द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने माहौल को पूरी तरह राममय बना दिया। “श्रीराम भइले पागल सीता के खोज में”, “राम आएंगे”, “मेरे केशरी के लाल” जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। यह भक्तिमय प्रस्तुति सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चली।
भगवा अंगवस्त्र से किया गया रामभक्तों का सम्मान…..
कार्यक्रम के समापन से पूर्व सभी रामभक्तों को भगवा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में प्रभु श्रीराम की सामूहिक आरती के पश्चात पूरे दिन का कार्यक्रम भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं पुलिस एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री चन्द्रगुप्त सिंह, अभिनाश सिंह राजा, समाजसेवी नीरज सिंह, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष जसबीर सिंह (शिरे पाजी), श्रीमती चंचल शर्मा, अधिवक्ता रवि प्रकाश, विधायक प्रतिनिधि व छात्र नेता पवन, पिंटू सिंह, छोटन मिश्रा, राजीव कुमार, रोशन कुमार, सुखदेव सिंह, आदित्य वर्मा, सन्नी सिंह, कुणाल कुमार सहित बड़ी संख्या में रामभक्त महिला, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मिथलेश शर्मा, जयंतो मंडल, श्रीकांत नायक, विनोद सिंह पप्पू, मुन्ना सिंह, राहुल चौधरी, संदीप चौधरी, बालाजी साहू, हिमांशु, मुन्ना शर्मा, सुशील शर्मा, राम नरेश शर्मा, घनश्याम शर्मा सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।
