सरायकेला : चांडिल प्रखंड के लुपुंगडीह स्थित नारायण औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में देश का 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन एवं देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे संस्थान के संस्थापक सह भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडे ने संपन्न किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डॉ. जटाशंकर पांडे जी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा एवं राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। आज के युवाओं को संविधान की भावना को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

डॉ. पांडे जी ने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने दायित्वों का भी ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर संस्थान के सभी शिक्षकगण शांति राम महतो, प्रकाश महतो, देवाशीष मंडल, शुभम साहू, पवन महतो, गौरव महतो, कृष्णा पद महतो, अजय मंडल,कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं जय हिंद के उद्घोष के साथ किया गया।
