अररिया : पुलिस ने फारबिसगंज-अररिया हाईवे स्थित सिरसिया के समीप विदेशी शराब से लगे कंटेनर को जब्त किया है। कंटेनर में विदेशी शराब लदी हुई है। इसकी पुष्टि एसएचओ राघवेंद्र कुमार सिंह ने की है। कंटेनर का नंबर डीएल1जीई/ 3906 बताया गया है। शराब कंटेनर से हरियाणा के गुड़गांव से लाई जा रही थी। कंटेनर में लदी विदेशी शराब की पुलिस जांच कर रही है। शराब लदा कंटेनर आर्मी कैंप का है। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर शराब लदे कंटेनर को सिरसिया के समीप रोक लिया गया है। शराब कहां से आ रही थी और कहां भेजी जा रही है। पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है। शराब आर्मी कैंप की है या नहीं पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

किशनगंज में बीएसएफ की 184वीं बटालियन के जवानों ने सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर 2.4 करोड़ रुपए कीमत के सोने के साथ दो तस्करों को दबोचा है। आरोपियों की पहचान बंगाल के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र स्थित गुप्त बामनबारी इंदिरा कॉलोनी निवासी रतन बिश्रा पिता सोम बिश्रा और महाराष्ट्र के सांगली जिला के मालेवाड़ी करगनी निवासी धनाजी नामदेव भुजे पिता नामदेव महारुति भुजे के रूप में की गई है। बीएसएफ अधिकारियों ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें बंगाल के बहरामपुर डीआरआई के हवाले कर दिया है। जानकारी के अनुसार तारबंदी के समीप गश्त कर रहे जवानों ने आईबीबीएफ गेट के पास रतन बिश्रा को संदिग्ध हालात में देख रोक लिया। घटना के वक्त आरोपी बाड़ के आगे अपने खेतों से पेड़ों की सूखी डाली लेकर लौट रहा था।
तलाशी लेने पर बंडल के भीतर छिपा कर रखे गए सोना और दो मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान जानकारी पर बीएसएफ टीम किशनगंज कैलटैक्स चौक पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर टीम ने गिरोह के सरगना धनाजी नामदेव भुजे को गिरफ्तार कर लिया। बीएसएफ टीम ने ऑपरेशन को इतनी गुपचुप तरीके से अंजाम दिया कि किशनगंज पुलिस भनक तक नहीं लगी। नाम नहीं छापने की शर्त पर बीएसएफ के अधिकारी ने बताया कि लगभग 2.4 करोड़ रुपए के सोने के साथ गिरफ्तार दोनों आरोपियों को डीआरआई की टीम साथ ले गई है।
