जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के कार्यालय के ठीक बगल में बनी पार्किंग इन दिनों गंदगी और दुर्गंध का केंद्र बन गई है। पार्किंग स्थल के दोनों ओर गटर का गंदा पानी पिछले कई दिनों से लगातार बह रहा है। इस ओर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की नजर नहीं जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।

स्थिति यह हो गई है कि पार्किंग में चारों ओर गंदे पानी का जमाव हो चुका है। नतीजतन यहां न तो वाहन पार्क किए जा पा रहे हैं और न ही सब्जी विक्रेता अपने ठेले और दुकानें ठीक से सजा पा रहे हैं। गटर के पानी से उठ रही दुर्गंध ने आसपास के माहौल को असहनीय बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गंध और गंदगी की वजह से उनका जीना मुश्किल हो गया है।
पार्किंग में गंदगी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। नगर निगम और संबंधित विभाग की लापरवाही साफ झलकती है। लोगों का आरोप है कि सफाई के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जाता है। यहां नियमित रूप से न तो सफाई होती है और न ही बिलिचिंग पाउडर का छिड़काव। जिसके चलते मच्छरों और बीमारी फैलाने वाले जीवाणुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों को डर है कि इस गंदगी से डेंगू, मलेरिया और अन्य महामारी फैल सकती है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि जब शहर में स्वच्छता अभियान की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं और कागज पर शहर को स्वच्छ बनाने की योजनाएं दिखाई जाती हैं, तो आखिर जमीनी हकीकत में हालात इतने खराब क्यों हैं? गटर का पानी और बदबू आसपास के वातावरण को दूषित कर रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कुंभकरण की नींद सो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द से जल्द गटर की मरम्मत और नियमित सफाई का इंतजाम नहीं किया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
