पटना : बिहार विधानसभा को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट हो गया तथा विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर प्रेम कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी है। साथ ही बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा बलों को भी सतर्क कर दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी किसने और किस माध्यम से दी। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में आने-जाने वालों की सघन जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
