चाईबासा : जराईकेला थाना क्षेत्र स्थित घने सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गुरुवार से लगातार मुठभेड़ जारी है। जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ करोड़ों के इनामी नक्सली अनल दस्ता के दस्ते के साथ हो रही है। सुरक्षाबलों ने जंगल के कई हिस्सों में घेराबंदी कर ऑपरेशन तेज कर दिया है।

कई नक्सली घायल होने की सूचना
सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की आशंका है। हालांकि अभी तक घायल या मारे गए नक्सलियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सुरक्षाबल पूरी तैयारी में
सुरक्षा बलों द्वारा जंगल में गश्ती और सर्च ऑपरेशन बढ़ा दिया गया है ताकि नक्सलियों के भागने के सभी रास्ते बंद किए जा सकें। ऑपरेशन में जिला पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम लगी हुई है। जंगल क्षेत्र में ड्रोन और हाईटेक कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
चाईबासा के पुलिस कप्तान अमित रेणु ने बताया कि जंगल में ऑपरेशन जारी है और रुक-रुक कर दोनों ओर से फायरिंग हो रही है। प्रशासन ने जंगल से सटे गांवों के लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा है। सुरक्षा कारणों से गांवों में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है।
नक्सलियों का यह इलाका कई सालों से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती रहा है। ऑपरेशन की सफलता को लेकर सुरक्षा बल उम्मीद जताए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
