धनबाद। एक दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गयी। ये हादसा सिलेंडर ब्लास्ट से हुई है। घटना धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मिली जानकारी के मुताबिक मुनीडीह क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे अवैध लोहा कटिंग के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर या इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान आनंद कुमार, संजय यादव और अजहरुद्दीन के रूप में हुई है। घटना इतनी भयावह थी कि विस्फोट की चपेट में आए युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) भेजा गया है, जबकि एक अन्य घायल अस्पताल से इलाज के दौरान फरार हो गया, जिससे मामले में और जटिलता बढ़ गई है।
यह हादसा उस समय हुआ जब मुनीडीह इलाके में रात के समय अवैध रूप से लोहा काटने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह काम भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) क्षेत्र के आसपास किया जा रहा था, जहां अक्सर इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। मृतक आनंद कुमार की मां कंचन देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे को मुख्तार अंसारी नामक व्यक्ति घर से बुलाकर ले गया था। उनका आरोप है कि यह व्यक्ति भोले-भाले युवकों को पैसों का लालच देकर रात में अवैध लोहा कटिंग के काम में लगाता है, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
वहीं संजय यादव की मां मंजू देवी ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 11 बजे घर से निकला था और जल्द लौटने की बात कही थी। कुछ देर बाद वह गंभीर हालत में घर लौटा और बताया कि वह गैस से जल गया है। अस्पताल ले जाते समय उसकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तीसरे मृतक अजहरुद्दीन का शव फिलहाल अस्पताल के वार्ड में रखा गया है, जबकि आनंद कुमार और संजय यादव के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजे गए हैं। घायलों में एमडी इमामुद्दीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध गतिविधि के पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।
