जमशेदपुर : औद्योगिक क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के बेहतर समन्वय का उदाहरण पेश करते हुए Netaji Subhas University Jamshedpur के 22 विद्यार्थियों ने देश की नामी टायर निर्माता कंपनी CEAT Limited में अपनी जगह बनाई है। यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की पहल पर आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ME) और इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) विभाग के छात्रों ने भाग लिया था।

कड़े चयन मानदंड और तकनीकी साक्षात्कार के विभिन्न चरणों से गुजरने के बाद कुल 22 प्रतिभावान छात्रों का चयन कंपनी के गुजरात स्थित प्लांट के लिए किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को कंपनी की ओर से 2.4 लाख रुपये प्रतिवर्ष का शुरुआती पैकेज दिया जाएगा। इस उपलब्धि से न केवल चयनित छात्र उत्साहित हैं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और कौशल विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास रहता है कि झारखंड के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में करियर बनाने का अवसर मिले।
वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पानी ने कहा कि मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभाग के इन छात्रों ने अपनी मेहनत और तकनीकी दक्षता के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल लगातार बड़ी औद्योगिक कंपनियों के संपर्क में रहता है ताकि छात्रों को पढ़ाई पूरी होते ही बेहतर अवसर मिल सके।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। चयनित छात्रों को जल्द ही गुजरात स्थित कंपनी के प्लांट में अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए भेजा जाएगा, जिसे लेकर कॉलेज प्रबंधन और अभिभावकों में भी उत्साह का माहौल है।
