लोकतंत्र सवेरा : कैरव गांधी अपहरण मामले में पुलिस को एक बड़ी और निर्णायक सफलता हाथ लगी है। इस हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील केस में पुलिस ने बेहद सूझ-बूझ, धैर्य और रणनीतिक चतुराई के साथ कार्रवाई करते हुए तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, अपहरण में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

इस पूरे ऑपरेशन की सबसे अहम बात यह रही कि पुलिस ने जांच से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियों को पूरी तरह गोपनीय रखा, ताकि अपराधियों को किसी भी तरह का संकेत या भागने का मौका न मिल सके। पुलिस की यह रणनीति पूरी तरह सफल रही और अपराधी अपने ही जाल में फंसते चले गए।
सूत्रों के मुताबिक, इस अपहरण कांड में फिरौती की एक भी रकम नहीं दी गई, जो पुलिस की सख्त निगरानी और दबाव का साफ संकेत है। लगातार की गई तकनीकी निगरानी, लोकेशन ट्रैकिंग और जमीनी स्तर पर खुफिया इनपुट के दम पर पुलिस ने पूरे नेटवर्क को धीरे-धीरे घेर कर तोड़ा।
फिलहाल पुलिस द्वारा गहन छानबीन और आरोपियों से सघन पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि इस केस से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं। सूत्रों का दावा है कि अगले 48 घंटों के भीतर पुलिस इस अपहरण कांड का पूरा पर्दाफाश कर सकती है, जिससे इस साजिश से जुड़े अन्य चेहरों पर भी से पर्दा उठेगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि कानून से बचना अब आसान नहीं है। सही रणनीति, गोपनीयता और समय पर कार्रवाई से अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, अंजाम तक जरूर पहुंचता है।
🚨 मामला बेहद गंभीर, लेकिन पुलिस की पकड़ और मजबूत
👉 जल्द आ सकता है बड़ा और सनसनीखेज खुलासा
