जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक (नगर) की उपस्थिति में शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक तथा पु0नि0-सह-थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान शहर में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों, लंबित कांडों के निष्पादन, बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर लोगों में जागरूकता अभियान चलाने, वारंट और कुर्की के मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा चेन, मोबाइल और पर्स छीनतई की घटनाओं पर रोक लगाने, पासपोर्ट सत्यापन की स्थिति में सुधार, फरार अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा ड्रग्स पेडलरों के विरुद्ध अभियान तेज करने के निर्देश भी सभी थाना प्रभारियों को दिए गए।
बैठक में आने वाले ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
