- ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र, श्रद्धालुओं ने मां शीतला का लिया आशीर्वाद
जमशेदपुर : गढ़ाबासा स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर नवमी के दिन ज्वारां महोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर से भव्य ज्वारां शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर ज्वारां कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुईं, वहीं पुरुष श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ माता के जयकारे लगाते नजर आए। “जय माता दी” के गगनभेदी नारों से पूरा गढ़ाबासा इलाका गूंज उठा।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और आरती की गई। श्रद्धालुओं ने मां शीतला से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
महोत्सव के सफल आयोजन में स्थानीय समिति और क्षेत्र के युवाओं की अहम भूमिका रही। इस दौरान मुख्य रूप से धीरज पासवान, खेमलाल साहू, रामप्रकाश शाही, खेमलाल चौधरी, राकेश राव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ। ज्वारां महोत्सव के इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश दिया।
