जमशेदपुर : के एमपीएम इंंटर काॅलेज के छात्र(बैच 93-95) रह चुके ऑस्ट्रेलिया के पैरामाटा शहर के पूर्व मेयर व वर्तमान काउंसलर समीर पांडेय का उनके बैच के साथियों ने जमशेदपुर में स्वागत किया. साकची एससीसीएन के कार्यालय में प्रशांत सिंह उर्फ पुतुल के नेतृत्व में इस स्वागत कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस मौके पर केएमपीएम 93-95 बैच के प्रमोद, कृष्णा, अखिलेश, रंजन मिश्रा, धन व अन्य मौजूद थे. सबने समीर पांडेय का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया. सालों बाद मिले अपने सहपाठी संग सबने खूब गपशप किया. इस दौरान पुरानी यादें साझा की।


इस छोटे से स्वागत कार्यक्रम से अभिभूत समीर पांडेय ने खुशी जताई कि केएमपीएम के सहपाठी एक दूसरे से जुड़े हुए हैं और सुख-दुख में एक दूसरे के साथ खड़े रहते हैं. निजी पारिवारिक दौरे पर अपने शहर सालों बाद पहुंचे समीर पांडेय ने बताया कि केएमपीएम से प्लस टू की पढाई के बाद उच्च शिक्षा के लिए वे विशाखापत्तनम और फिर ऑस्ट्रेलिया चले गए. वहां उन्होंने बतौर आईटी विशेषज्ञ कार्य किया. बाद में वे एक राजनीतिक दल से जुड़े. समीर ने दोस्तों को बताया कि ऑस्ट्रेलिया में राजनीति में भी ईमानदारी की कद्र है. भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई होती है. लोग अनुशासनप्रिय हैं. वहीं समीर ने कहा कि वे भले ही ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं, लेकिन भारत उनके मन में है और जमशेदपुर शहर से नाता बना हुआ है।
