जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) पूर्वी सिंहभूम जिला के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिला उप विकास आयुक्त (DDC) को ज्ञापन सौंपकर छात्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मुख्य रूप से दो मांगें रखीं। संगठन ने मांग की कि सत्र 2023–2024 और 2024–2025 के छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान अविलंब किया जाए। साथ ही +2 विद्यालयों में शिक्षकों की जल्द से जल्द बहाली करने की भी मांग की गई, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
इस मौके पर जिला सचिव शुभम कुमार झा ने कहा कि छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण कई छात्र आर्थिक परेशानी के चलते पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। कॉलेजों की ओर से फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे छात्र मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को इस मामले में जल्द हस्तक्षेप करते हुए छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए तथा +2 स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति जल्द करनी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सोहन महतो, जिला सचिव शुभम कुमार झा, जमशेदपुर नगर अध्यक्ष सविता सोरेन, समीर महतो, रोहित रॉय, भोला महतो, अभिक महतो और मनीष कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
