जमशेदपुर : शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य में शनिवार की शाम एक यादगार अध्याय जुड़ गया, जब निनाद (Ninaad) और Regal Cafe के संयुक्त तत्वावधान में “Regal Reads” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। बिष्टुपुर स्थित कैफ़े में आयोजित इस खास संध्या ने साहित्य, संगीत और अभिव्यक्ति को एक मंच पर समेटते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, रेडियो जॉकी (RJ), जाने-माने कवि और बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी शामिल हुए। उनकी उपस्थिति ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।

मंच पर शहर के उभरते युवा साहित्यकारों और कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आकांक्षा, आलोक तिवारी, अन्नी अमृता, शानिया नानरा, शेल्ली बनर्जी, पंकज प्रभात, सौरव कुमार ओझा, सौरव अस्थाना, संदीप सिंह गौतम, सुशांत शेखर, आर्यन कुमार, “The Dark Voice”, निशांत सिंह, क्षमाश्री दुबे, शुभम पांडे और जय कुमार शाही जैसे कलाकारों ने कविता, स्टोरी टेलिंग और बुक रीडिंग के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान रचनात्मक प्रस्तुतियों का ऐसा समां बंधा कि दर्शक देर रात तक उससे जुड़े रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन निनाद की संस्थापक Poonam Mahanand ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि निनाद का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच देना है, जो अवसरों के अभाव में अपनी पहचान नहीं बना पाते। संस्था का प्रयास है कि इन कलाकारों की कला को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाए और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए। निनाद के सह-संस्थापक निशांत और पूरी टीम ने भी इस पहल को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा, ताकि नए और उभरते कलाकारों को मंच मिलता रहे।
कार्यक्रम में शहर के कई वरिष्ठ और प्रसिद्ध कलाकार भी दर्शक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। “Regal Reads” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच साबित हुआ जहाँ कला, साहित्य और संगीत ने मिलकर एक प्रेरणादायक माहौल तैयार किया। दर्शकों का मानना है कि यह आयोजन शहर के सांस्कृतिक इतिहास में एक खास पहचान बनाएगा।
