जमशेदपुर : रामनवमी के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, कदमा शाखा एवं एंटी करप्शन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धालु भक्तों के लिए सेवा स्टॉल का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्मी को देखते हुए शरबत एवं शीतल पेयजल का वितरण किया गया, जिससे सैकड़ों श्रद्धालुओं को राहत मिली।

आयोजकों ने बताया कि इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य न केवल भक्तों को गर्मी से राहत देना था, बल्कि मानव सेवा के माध्यम से पुण्य अर्जन और समाज में सेवा भावना का संदेश फैलाना भी था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सेवा का लाभ उठाया और इस निःस्वार्थ पहल की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी कदमा शाखा की प्रभारी बी.के. संजू दीदी एवं शशि आचार्य के मार्गदर्शन में हुआ। उनके नेतृत्व में ब्रह्माकुमारी परिवार के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और सेवा कार्य को सफल बनाया।
इस अवसर पर भाईचारे, प्रेम और एकता का संदेश देते हुए सभी को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया गया। साथ ही “रामराज्य” की स्थापना के लिए मर्यादा, शांति और पवित्रता जैसे गुणों को जीवन में अपनाने पर बल दिया गया।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में सहभागिता की अपील की।
