जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में एक बार फिर से चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, हरहरगुट्टू स्थित शिव मंदिर के समीप न्यू श्री कृष्ण ज्वेलरी दुकान से अज्ञात चोरों ने सोने की चैन और लॉकेट की चोरी कर ली। यह घटना विगत 22 सितंबर दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित हरहरगुट्टू निवासी दुकानदार राजू कुमार वर्मा ने इस मामले में थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि दुकान में ग्राहक बनकर आए दो अज्ञात युवक मौका देखकर गहने लेकर फरार हो गए। चोरी का अंदाज़ा तब हुआ जब दुकान में गहनों का मिलान किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस हरकत में आई और अज्ञात दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के वक्त दुकान पर ग्राहकों की आवाजाही सामान्य रहती है और इसी बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद से इलाके के स्वर्ण व्यवसायियों में चिंता का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पीड़ित राजू कुमार वर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
