जमशेदपुर। जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अगुआई में आज जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर साकची स्थित ऐतिहासिक नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान मैदान) को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि नेताजी सुभाष मैदान के चारों ओर वर्षों से अवैध अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है, जिससे यह ऐतिहासिक स्थल असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। मैदान के एक हिस्से में पुराने वाहनों का कबाड़ डंप किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कारों एवं सैकड़ों बसों की अवैध पार्किंग से पूरे क्षेत्र में गंदगी और अव्यवस्था फैल रही है। साथ ही मैदान के बड़े हिस्से में लगे लोहे के गेट असामाजिक तत्वों द्वारा काट दिए गए हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय द्वारा पूर्व में टाटा स्टील प्रबंधन एवं जिला प्रशासन को पत्र लिखकर नेताजी सुभाष मैदान की स्थिति सुधारने और इसे नेताजी की स्मृति स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की जा चुकी है। इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई है।
जदयू नेताओं ने उपायुक्त से आग्रह किया कि मैदान को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कर उसका सौंदर्यीकरण कराया जाए, ताकि यह स्थल शहरवासियों के लिए उपयोगी बन सके और लोग नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृतियों से जुड़ सकें।
इस अवसर पर जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महासचिव वीर सिंह देवगम, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, आकाश शाह, हेमंत पाठक, दुर्गा राव, राजेश प्रसाद, विजय सिंह, बबलू कुमार सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
