जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसतुलिया नदी में अवैध बालू खनन का खेल लगातार जारी है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा गोरखधंधा दिन के उजाले में खुलेआम चल रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बड़े पैमाने पर नदी से बालू की निकासी की जा रही है। ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के जरिए बिना किसी डर के बालू को ढोया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक न तो कोई जांच हुई और न ही अवैध खनन पर लगाम लग पाई है।


ग्रामीणों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो कुसतुलिया नदी का अस्तित्व ही खतरे में पड़ सकता है। लगातार हो रहे अवैध खनन से नदी की धारा बदल रही है और जलस्तर पर भी असर पड़ रहा है। इसके साथ ही आसपास के पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। इस पूरे मामले ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े चल रहे इस अवैध कारोबार पर कार्रवाई नहीं होना कई तरह के संदेह पैदा कर रहा है।
फिलहाल, ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मुद्दे पर कब तक संज्ञान लेते हैं और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
