- गरीबों के आशियानों की सुरक्षा में सरयू राय अग्रणी. श्री राय ने विधायक रहते अपने क्षेत्र में नही टूटने दिया एक भी मकान…
जमशेदपुर : जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जदयू सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष अर्जुन यादव, मंडल महासचिव दिलीप प्रजापति एवं जिला जदयू नेता विजय सिंह ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि भुइंयाडीह श्मशान घाट के समीप रहने वाले गरीब गुरबा समुदाय की झोपड़ियों व दुकानों को हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन द्वारा अचानक तोड़ दिया गया। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को अपना आवश्यक सामान तक सुरक्षित निकालने का अवसर नहीं दिया, जिसके कारण ठंड के मौसम में ये परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।

जद(यू) नेताओं ने कहा कि गरीब बस्तियों को तोड़ने से पूर्व जिला प्रशासन को वैकल्पिक आवास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी, ताकि किसी भी परिवार को बेघर न होना पड़े। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में कल्याणनगर समेत कई बस्तियों में एनजीटी के निर्देश पर सैकड़ों मकानों को तोड़ने का नोटिस जारी किया गया था। उस समय बड़ी संख्या में बस्तीवासी जमशेदपुर पूर्वी के तत्कालीन विधायक सरयू राय से मिले थे और अपने घरों को बचाने की गुहार लगाई थी। विधायक श्री राय ने बस्तीवासियों की लड़ाई एनजीटी के नोटिस के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी और मकानों को टूटने से बचाया। उन्होंने एक सच्चे, संवेदनशील और जनहितमुखी जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाई।
जद(यू) नेताओं ने कहा कि गरीबों के आशियाने को ध्वस्त होने से बचाने में विधायक सरयू राय सदैव अग्रणी रहे हैं उन्होंने हमेशा जनता के हित में खड़े होकर ऐसे मामलों में किसी को बेघर नहीं होने दिया। यही विधायक सरयू राय की जनसेवा की कार्यशैली का मूल सिद्धांत है। अंत में नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि भुइंयाडीह के प्रभावित गरीब परिवारों की तत्काल सुध ली जाए तथा उन्हें अविलंब वैकल्पिक आशियाना उपलब्ध कराया जाए, ताकि ठंड के इस कठिन मौसम में उन्हें राहत मिल सके।
