जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना कांड संख्या 119/2022, दिनांक 11 फरवरी 2022 से जुड़े एक मामले में पुलिस ने फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471 एवं 120B से संबंधित है।


इस कांड के आरोपी मनीष सिंह (पिता- मृत्युंजय सिंह), निवासी प्रधान कॉलोनी, विजया गार्डन के निकट, थाना बिरसानगर, जमशेदपुर, गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साकची थाना पुलिस ने विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया।
मंगलवार को साकची थाना के पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के आवास पर पहुंचकर बैंड-बाजा के साथ सार्वजनिक रूप से इश्तेहार की तामिला की। इस दौरान आरोपी की मां के समक्ष नोटिस चिपकाया गया, ताकि उसे शीघ्र आत्मसमर्पण करने के लिए प्रेरित किया जा सके। मौके पर बिरसानगर थाना के गश्ती पदाधिकारी ललन सिंह, गश्ती दल एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी।
