जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टिनप्लेट काली मंदिर गोलचक्कर के पास सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में कार चालक आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार आकाश स्विफ्ट कार से बारीडीह से अपने घर गोलमुरी कंचननगर जा रहा था। इसी दौरान टिनप्लेट काली मंदिर गोलचक्कर के पास कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराया जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए टिनप्लेट अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार कार का सेफ्टी एयरबैग खुल जाने के कारण चालक को जानलेवा चोट से बचा लिया गया।
