मेदिनीनगर : पलामू जिले में छह व्यक्तियों ने रिश्ते की दो बहनों के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया. यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी. यह घटना दो अक्टूबर की रात को हुई जब दोनों किशोरी दशहरा मेले से नौडीहा थानाक्षेत्र स्थित अपने घर लौट रही थीं. हालांकि, घटना की सूचना उनके माता-पिता ने सोमवार को दी. छतरपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अवध कुमार यादव ने कहा, ‘महिला पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है.

सभी छह आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. नौडीहा थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना दो अक्टूबर की देर रात उस समय हुई जब 15 से 16 साल की उम्र की दोनों किशोरी मेले से घर लौट रही थीं. उन्होंने बताया कि एक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
