लातेहार : झारखंड में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की दिशा में एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने लातेहार में जिला परिषद कार्यालय के बड़ा बाबू संतोष सिंह को 65 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि शिकायतकर्ता संतोष पांडेय उर्फ बबलू पांडेय ने एसीबी को बताया था कि बड़वागड़हा पंचायत में दो वर्ष पहले पूरा हो चुके कार्य का टाइम एक्सटेंशन काटने के लिए बड़ा बाबू संतोष सिंह ने 65 हजार रुपये रिश्वत मांगी है।

शिकायतकर्ता बबलू पांडेय ने जब रिश्वत देने से इनकार कर दिया, तो पलामू प्रमंडल कार्यालय की एसीबी टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-2018 के तहत मामला दर्ज किया गया। गुरुवार को दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी टीम ने संतोष सिंह को संतोष उर्फ बबलू पांडेय से 65 हजार रुपये लेते ही दबोच लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही समाहरणालय परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस के जवानों ने जब संतोष सिंह को पकड़कर हिरासत में लिया, तो समाहरणालय परिसर में अफरातफरी मच गई। कई कर्मचारी दफ्तर छोड़कर भागने लगे। इस दौरान वहां काम कराने आए लोगों को पहले कुछ समझ में नहीं आया, लेकिन कुछ ही देर में मामला स्पष्ट हो गया। इसे लेकर पूरे दिन समाहरणालय और ग्रामीण विकास भवन में चर्चा का माहौल गर्म रहा। जिले भर में एसीबी की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों के दिमाग ठिकाने लगेंगे।
