रांची : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 166 आरोपियों को सोमवार को रांची सिविल कोर्ट में पेश किया गया। सभी आरोपियों को पांच बसों में लाकर कोर्ट परिसर पहुंचाया गया और एजेसी-1 योगेश कुमार की अदालत में पेश किया गया। पेशी 25-25 की संख्या में की गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि तमाड़ के रड़गांव में एक अर्धनिर्मित स्थान पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात छापेमारी की, जिसमें 160 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया और बाद में 166 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।


गिरफ्तार आरोपियों में 152 पुरुष अभ्यर्थी, 7 महिला अभ्यर्थी और 5 गैंग सरगना शामिल हैं। इनमें अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गैंग से जुड़े पांच मुख्य आरोपी—अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद—भी शामिल हैं। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने लगे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।
