रांची : राजधानी में नशे के कारोबारियों के खिलाफ रांची पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विधानसभा थाना क्षेत्र के धुर्वा डहु टोली में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 397 ग्राम ब्राउन शुगर, एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और ₹4.5 लाख से अधिक की नगदी बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम : वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देशन और हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने गुरुवार देर रात करीब 2:20 बजे डहु टोली स्थित श्वेता कुजूर के किराये के मकान पर धावा बोला।
किराये के कमरे से चल रहा था धंधा : छापेमारी के दौरान कमरे में मौजूद अरविंद कुमार और हरीश उरांव को पुलिस ने हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान वहां से 2300 पुड़िया ब्राउन शुगर, 110 ग्राम ब्राउन शुगर स्टोन और एक डिब्बे में 20 ग्राम अतिरिक्त ड्रग्स मिला। साथ ही आरोपी अरविंद के पास से एक देसी पिस्टल और आईफोन बरामद किया गया।
लग्जरी थार में भी मिली नशे की पुड़िया : पुलिस की जांच केवल कमरे तक सीमित नहीं रही। घर के बाहर खड़ी एक काले रंग की महिंद्रा थार वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से भी 500 पुड़िया (50 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद हुई। अपराधियों के पास से कुल 3 डिजिटल तराजू और एटीएम कार्ड भी मिले हैं, जिससे साफ होता है कि यह नेटवर्क काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था।
बरामदगी का विवरण :
- ब्राउन शुगर: कुल 397 ग्राम
- हथियार: 01 देसी पिस्टल, 04 जिंदा गोली
- नगद: ₹4,51,550
- वाहन: 01 महिंद्रा थार
- मोबाइल: 02 आईफोन, 01 सैमसंग फोन
- अन्य: 03 डिजिटल तराजू, 01 एटीएम कार्ड
छापेमारी टीम : इस सफल अभियान में डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, विधानसभा थाना प्रभारी गणेश कुमार यादव, तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।
