राँची। राजधानी रांची में शहरी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा, उनकी गुणवत्ता जांच, रेजोल्यूशन सुधारने और नए स्थानों पर कैमरे लगाने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है।


समिति के अध्यक्ष और सदस्य : इस समिति का अध्यक्ष सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक को बनाया गया है। वहीं झारखंड जगुआर के डीआईजी इंद्रजीत महथा और रांची के एसएसपी राकेश रंजन को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
सीसीटीवी नेटवर्क की होगी व्यापक समीक्षा : गठित समिति रांची शहरी क्षेत्र में लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण करेगी। इसमें कैमरों की कार्यक्षमता, वीडियो क्वालिटी, कवरेज एरिया और तकनीकी स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किन क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से कैमरों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई : समिति अपनी समीक्षा पूरी करने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर शहर में सीसीटीवी नेटवर्क को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम : पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से रांची में निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी और अपराध नियंत्रण में काफी मदद मिलेगी। बेहतर तकनीक और व्यापक कैमरा नेटवर्क से शहर की सुरक्षा प्रणाली और अधिक सुदृढ़ हो सकेगी।
