रांची : खूंटी जिला के रानिया थाना क्षेत्र के डोडमा स्थित एक क्रशर प्लांट के कार्यालय में बीती देर रात करीब 11:20 बजे फायरिंग की गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन देर रात हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। सूत्रों के अनुसार, घटना के कुछ घंटे बाद राहुल सिंह गैंग के आजाद सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रेस रिलीज़ जारी कर वारदात की जिम्मेदारी ली। संदेश में व्यापारियों, ठेकेदारों और कोयला परिवहन से जुड़े लोगों को धमकियां भी दी गई हैं। पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और धमकी भरे संदेश की जांच कर रही है।

9 जिलों में धमकी भरे संदेश का दावा
वायरल संदेश में झारखंड के 9 जिलों – रांची, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, लातेहार, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और पलामू – के व्यापारियों, ठेकेदारों और खनन से जुड़े लोगों को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। पुलिस अधिकारी कहते हैं कि इस तरह के संदेश फैलाकर भय पैदा करने की कोशिश की जाती है और अक्सर इनके पीछे रंगदारी वसूली की मंशा होती है।
व्यापार जगत में चिंता
घटना के बाद खदान व परिवहन क्षेत्र से जुड़े कई व्यापारी और ठेकेदार सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कुछ लोगों ने प्रशासन से ऐसे गिरोहों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।