रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परीक्षा आवेदन को लेकर छात्रों और विद्यालयों को बड़ी राहत दी है। परिषद ने वेब नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि जिन छात्र-छात्राओं का पेन (परमानेंट एजुकेशन नंबर) अब तक जनरेट नहीं हो पाया है वे भी अब परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।

जैक के अनुसार पेन नंबर समय पर उपलब्ध न होने के कारण कई छात्रों को आवेदन करने में परेशानी हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए परिषद ने पेन नंबर एंट्री की अनिवार्यता को फिलहाल अस्थायी रूप से शिथिल कर दिया है। ऐसे छात्रों के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर टेंपरेरी प्री-फिक्स्ड प्लेसहोल्डर के माध्यम से परीक्षा आवेदन भरा जाएगा ताकि कोई भी छात्र परीक्षा 2026 से वंचित न रहे।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जैक ने सभी विद्यालयों और संस्थान प्रधानों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
भविष्य में पेन नंबर अनिवार्य
परिषद ने साफ किया है कि पेन नंबर आगे अनिवार्य रहेगा। जिन छात्रों का पेन अभी उपलब्ध नहीं है उनके पेन नंबर संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से अनिवार्य रूप से जनरेट कराएंगे। जैक ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी छात्रों के परीक्षा आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर भरवाए जाएं। समय सीमा के बाद किसी भी छूटे हुए आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्थान प्रधान की होगी।
पेन छात्रों की एक यूनिक डिजिटल पहचान है जिसमें नाम, माता-पिता का नाम, आधार नंबर, बैंक विवरण सहित शिक्षा से जुड़ी सभी जानकारियां दर्ज रहती हैं। इसे यू-डायस प्लस पोर्टल के माध्यम से स्कूलों द्वारा तैयार किया जाता है। इसका उद्देश्य फर्जीवाड़े पर रोक लगाना और भविष्य में कॉलेज एडमिशन व नौकरियों में सुविधा देना है।
धनबाद जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 32,106 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा 81 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 25,450 छात्र शामिल होंगे। इनमें कला संकाय से 17,484, वाणिज्य से 2,316 और विज्ञान संकाय से 5,650 छात्र परीक्षा देंगे।
