रांची/खूंटी : जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के चूरगी गांव के पास बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर ओडिशा से जमशेदपुर जा रहा लौह अयस्क लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई।

ट्रक चालक जिंदा जला, बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला
हादसे के बाद आग इतनी तेज फैल गई कि ट्रक चालक के पास खुद को बचाने का कोई रास्ता नहीं बचा। देखते ही देखते लपटों ने केबिन को घेर लिया और चालक जिंदा जल गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि किसी के लिए करीब जाना संभव नहीं था।
उपचालक गंभीर रूप से झुलसा, अस्पताल में भर्ती
हादसे में उपचालक बुरी तरह झुलस गया। उसे ग्रामीणों की मदद से किसी तरह बाहर निकाला गया और तत्काल रेफरल अस्पताल, तोरपा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहचान नहीं हो सकी; पुलिस जांच में जुटी
घटना में जान गंवाने वाले चालक और घायल उपचालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं ट्रक के नंबर और दस्तावेज के आधार पर पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में दहशत
दुर्घटना और आग की भयावहता को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा बेहद डरावना था और आग की लपटें दूर से भी दिखाई दे रही थीं।
