रांची : पशुपालन निदेशालय में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को विभागीय खर्च को लेकर समीक्षा बैठक की. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभागीय अधिकारियों को खर्च की रफ्तार बढ़ाने के लिए कार्ययोजना के तहत काम करने का निर्देश दिया. कहा कि चालू वित्तीय वर्ष का अंतिम तिमाही चल रहा है और ऐसे वक्त में निदेशालय से लेकर जिला स्तर को दिए गए लक्ष्य की समीक्षा करते हुए काम करने की जरूरत है.

विभाग का उद्देश्य योजना के तहत राशि खर्च करना मात्र नहीं है बल्कि योजना की उपलब्धता, उपयोगिता के साथ बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी है. मंत्री ने कहा कि कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के द्वारा संचालित योजनाएं समय सीमा के अंदर धरातल पर उतरे,योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लाभुकों को मिले, इस दिशा में विभागीय अधिकारियों को अपनी जबाबदेही का निर्वहन करना होगा.
