लखनऊ : उत्तर प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में भारतीय नौसेना के एक लांस नायक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी (24) के रूप में हुई है, जो आगरा जिले के थाना कागारोल क्षेत्र के चीतपुर गांव का निवासी बताया गया है।
एटीएस के अनुसार उन्हें हाल के दिनों में सूचना मिली थी कि आरोपी लांस नायक आईएसआई के लिए भारत से खुफिया जानकारियां उपलब्ध करा रहा है। जांच में सामने आया कि उसने नौसेना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सूचनाएं अपने पाकिस्तानी हैंडलर तक पहुंचाई थीं।
पूछताछ के दौरान एटीएस ने आरोपी से देश विरोधी गतिविधियों और आईएसआई को खुफिया जानकारी देने के आरोपों को लेकर सख्ती से पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
फिलहाल एटीएस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी कब से इस गतिविधि में शामिल था और उसने अब तक कितनी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं।