मणिपुर : मणिपुर में सुरक्षाबल उग्रवादियों की धर-पकड़ और मोटर वाहन अपराधों के विरुद्ध व्यापक अभियान चला रहे हैं। पिछले 36 घंटों के भीतर राज्य के विभिन्न हिस्सों में 3 कुख्यात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की गई है।

तेंगनौपाल, इंफाल पश्चिम और पूर्व से 3 कैडर गिरफ्तार
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यूएनएलएफ (के) के एक कुख्यात कैडर बिक्की सगोलसेम (29), जो इंफाल पश्चिम का निवासी है, को तेंगनौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत मुस्लिम बस्ती से गिरफ्तार किया गया। दूसरे अभियान में केसीपी (अपुनबा) के कैडर हाओबाम मालेमंगंबा सिंह (25) को इंफाल पश्चिम के लाम्फेल सुपर मार्केट से पकड़ा गया। वह आम लोगों से जबरन वसूली करता था। उसके पास से एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन बरामद किया गया।
तीसरे मामले में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के कैडर वांगखेराकपम रोमियो मैतेई (45) उर्फ बरुनी उर्फ कोबरू को इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपत क्षेत्र से उसके निवास पर गिरफ्तार किया गया। वह घाटी क्षेत्र में जबरन वसूली में संलिप्त था और उसके पास से भी मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मोटर वाहन अपराधों पर सख्त कार्रवाई
मणिपुर पुलिस ने मोटर वाहन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को 23 चालान जारी किए, जिनसे कुल ₹54,500 का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान राज्यभर में जारी है, जिसमें यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी, 116 चेकप्वाइंट सक्रिय
राज्य के सीमांत और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्र नियंत्रण लगातार जारी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदे 265 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा काफिले तैनात किए गए हैं। मणिपुर के पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों में कुल 116 नाके/ चेकप्वाइंट स्थापित किए गए हैं, हालांकि इस दौरान किसी को हिरासत में नहीं लिया गया।
