JHARKHAND : गिरिडीह जिले के निमाड़ीह पंचायत के चरकी गांवा से लापता दो महिलाओं का शव गोलगो पहाड़ी जंगल के नाले से पुलिस ने बरामद किया. दोनों महिलाओं की पहचान रिंकू देवी और सोनी देवी के रूप में की गई है.दोनों महिलाएं चार दिन पहले अचानक गायब हो गई थीं. इसके बाद परिजनों ने गांवा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. परिजनों के अनुसार, महिलाएं बकरियों के लिए जंगल में पत्ते लेने गई थीं. देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों गांवाा थाना में शिकायत की.आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई. थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि खोजबीन के दौरान पुलिस ने सोनी देवी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल्स के आधार पर संदिग्ध, गांवा थाना क्षेत्र के महतपुर निवासी श्रीकांत चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की.हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया. इसके बाद गांवा पुलिस ने फिर से श्रीकांत चौधरी को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की. इस बार, श्रीकांत ने पुलिस को पूरी कहानी बता दी.आरोपी ने दोनों महिलाओं की हत्या की बात स्वीकार कर ली है और उसने बताया कि मृतिका सोनी देवी के साथ उसका प्रेम संबंध था. उसने दोनों महिलाओं की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिए. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने देर रात दोनों शव बरामद कर लिए.सोनी देवी का शव अर्धनग्न अवस्था में पाया गया. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी श्रीकांत ने पहले सोनी देवी के साथ रेप किया और फिर उसकी हत्या कर दी. वहीं, भेद खुलने के डर से उसने रिंकू देवी को भी मार डाला होगा. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया.

