नई दिल्ली : ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। दुनियाभर में गैस संकट की स्थिति बनने लगी है और भारत के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इसी कारण देश में इंडक्शन स्टोव (इंडक्शन कुकटॉप) की मांग अचानक तेजी से बढ़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर लोगों ने बड़ी संख्या में इंडक्शन स्टोव खरीदना शुरू कर दिया है, जिसके चलते कई प्रोडक्ट आउट ऑफ स्टॉक हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटों में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन स्टोव की मांग 10 गुना और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर करीब 20 गुना तक बढ़ गई है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Blinkit, Instamart (Swiggy) और Zepto पर इंडक्शन कुकटॉप पर भारी छूट दी जा रही है, लेकिन तेज मांग के कारण ज्यादातर प्रोडक्ट पहले ही स्टॉक से बाहर हो चुके हैं। कई जगह केवल सीमित विकल्प ही उपलब्ध हैं।
इस बढ़ती मांग का असर बाजार पर भी पड़ा है। इंडक्शन स्टोव बनाने वाली कई कंपनियों के शेयरों में भी तेज उछाल देखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि गैस आपूर्ति की स्थिति जल्द सामान्य नहीं होती है तो आने वाले दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की मांग और बढ़ सकती है।
