नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिली है. गाजियाबाद के पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके आरोपी ने सीएम को जान से मारने की धमकी दी है. मिली जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद पुलिस को गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे डायल 112 पर धमकी भरी कॉल की गई थी. फिलहाल गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी है. डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि धमकी देने वाले आरोपी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है. पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही है. दूसरी ओर सुरक्षा एजेंसियां भी मुख्यमंत्री को धमकी मिलने के बाद सतर्क हो गई हैं. कॉलर की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए जुट गई है.
“गुरुवार देर रात गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट को थाना कोतवाली में UP 112 कंट्रोल रूम को एक कॉल आई. कॉल के दौरान कॉलर द्वारा कहा गया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री को जान से मार दिया जाएगा. तत्काल की कंट्रोल रूम द्वारा दिल्ली के कंट्रोल रूम को सूचित किया गया. PRV, चीता और थाने का लोकल फोर्स मौके पर पहुंचा. कॉलर से पुलिस का संपर्क नहीं हो पाया है. जिस नंबर से कॉल आया था. उसका आईडी आदि निकाल कर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है. सर्विलांस पर काम जारी है. पुलिस द्वारा टीमों का गठन किया गया है. जिस व्यक्ति द्वारा कॉल किया गया है. उसको ट्रेस करके इस प्रकरण में आगे की विधि कार्रवाई की जाएगी.” – रितेश त्रिपाठी, ACP कोतवाली
लगातार मिल रही धमकियां : बता दें बीते कई महीनों से अलग-अलग मामलों में धमकियां मिलने की खबरें लगातार सामने आ रही है. कभी दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली तो कभी यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली है. फिलहाल इस मामले में दिल्ली पुलिस जांच कर रही है. इसके साथ ही जांच एजेंसियां कॉलर की मंशा का पता लगाने की कोशिश में लगातार जुटी हुई है.