सरायकेला : खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के हेवन गांव में मंगलवार रात एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्हें वहां एक हाथी मृत अवस्था में मिला। इस बात की जानकारी तुरंत ही गांव के जनप्रतिनिधियों, पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल हाथी की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वन विभाग की टीम ने पशु चिकित्सा विशेषज्ञों को बुलाया है, जो हाथी के शव का परीक्षण कर मौत की असली वजह पता लगाने में जुटे हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हेवन इलाके में 3 जंगली हाथी देखे गए थे, जिनमें से एक की मौत हो गई है। बाकी 2 हाथियों की निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी इलाके में बीते 5 जून को भी एक जंगली हाथी की मौत हुई थी। आमडाबेड़ा गांव में झुंड से अलग हुए एक दंतैल हाथी ने दम तोड़ दिया था। लगातार हो रही हाथियों की मौत ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग का कहना है कि हाथियों की मौत के कारणों की गहन जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। हाथी जैसे संरक्षित वन्य प्राणियों की मौत पर्यावरण के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
