देवघर : जिले में साइबर अपराध रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पथरौल थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर गांव से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने फर्जी Flipkart, Amazon, PhonePe, Paytm और Airtel Payments Bank कस्टमर केयर बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी की थी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी लोगों को कैशबैक, गिफ्ट कार्ड, पीएम किसान योजना, लोन और SBI क्रेडिट कार्ड के बहाने फर्जी लिंक भेजकर पैसे ठग रहे थे। जानकारी की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर गौतम कुमार दास (23), कवाल्दी दास (26), सुधाकर महरा (19) और ममता देवी (27) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी पथरौल थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और 57,000 रुपये नकद बरामद किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर खुद को कस्टमर केयर कर्मी बताते थे और उपभोक्ताओं से फोन पे या गिफ्ट कार्ड रिडीम करवाकर ठगी करते थे।
पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच जारी है, जिससे ठगी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है। इस कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस अधिकारी राकेश कुमार रवि और ललित खलखो सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
